बारादरी थाना पुलिस ने फतेहगंज पूर्वी के हिस्ट्रीशीटर पशुपति विहार कालोनी निवासी बसपा नेता तौफीक प्रधान को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। तौफीक लोगों को डराने के लिए अपनी कमर में तमंचा लगाकर घूमता था और पुलिस कर्मियों से अक्सर उलझता रहता था। पुलिस ने तौफीक को बुधवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब गश्त के दौरान जगतपुर चौकी प्रभारी कुशलपाल सिंह को पशुपति विहार कॉलोनी में एक युवक लोगों के बीच रौब गांठता हुआ दिखा। टोकने पर वह पुलिस से ही बदतमीजी करने लगा। पुलिस के तलाशी लेने पर उसके कमर तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए।
वहीं, पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें तौफीक प्रधान खुलेआम बारादरी इंस्पेक्टर से अभद्र और धमकी भरी भाषा में बात करता सुनाई दे रहा था। आरोपी तौफीक मूलरूप से नगरिया कलां, फतेहगंज पूर्वी का रहने वाला है। पहले से उसकी हिस्ट्रीशीट खुली है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह इलाके में खौफ कायम रखने और अपनी तथाकथित सुरक्षा के लिए तमंचा लेकर घूमता था। उसके डर की वजह से लोग उसे नेताजी कहने लगे थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक तौफीक पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट, रंगदारी, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, बिजली चोरी समेत कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटा था तौसीफ प्रधान
जानकारी सूत्रों के अनुसार तौसीफ प्रधान बिथरी चैनपुर विधानसभा से चुनाव लड़ना चाहता है। इसके लिए उसने तैयारी भी शुरू कर दी थी। बसपा नेताओं के साथ वह बिथरी चैनपुर इलाके में भ्रमण करने के साथ कई बैठकें कर चुका था। तौफीक के नाम से शहर और बिथरी इलाके में बधाई के होर्डिंग-पोस्टर भी लगे देखे गए।
तमंचा और कारतूस के साथ हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।- मानुष पारीक, एसपी सिटी