Friday, January 30, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज में बंबा पुलिया के पास अज्ञात महिला का शव बरामद, पास मिली हस्तलिखित पर्ची जांच में बनी अहम सुराग

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 26, 2025

KASGANJ NEWS कासगंज में बंबा पुलिया के पास अज्ञात महिला का शव बरामद, पास मिली हस्तलिखित पर्ची जांच में बनी अहम सुराग


जागरण टुडे,कासगंज

जनपद के थाना सुन्नगढ़ी क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्राम खमानी नगला के पास बंबा पुलिया के नजदीक एक अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना सुन्नगढ़ी प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ ही देर बाद क्षेत्राधिकारी शाहिद नसरीन भी मौके पर पहुंचीं। उनके निर्देश पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सील कर जांच प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। महिला की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत कुछ घंटे पहले हुई है। मृतका ने काले रंग का बुर्का और कत्थई रंग का स्वेटर पहन रखा था। शरीर पर किसी स्पष्ट चोट के निशान प्रथम दृष्टया नजर नहीं आए हैं, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटनास्थल से पुलिस को एक हस्तलिखित पर्ची भी बरामद हुई है, जिसे जांच का महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है। पर्ची पर लिखा है—

“पाचपोखरा, कुआटोला, भरगैन की लड़की है। 5 बजे लेके आये है।”

पुलिस इस पर्ची में लिखे शब्दों, स्थानों और संभावित स्थानो के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। संबंधित स्थानों, गांवों और आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है ताकि मृतका की शिनाख्त हो सके।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में घटना को लेकर दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.