बदायूँ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ब्रज प्रांत के 66वें प्रदेश अधिवेशन का भव्य शुभारंभ शनिवार को डायर परिसर में हुआ। अधिवेशन के पहले दिन परिषद के वैचारिक प्रेरणास्रोत प्रोफेसर यशवंत राव को समर्पित विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य श्री हर प्रसाद सिंह पटेल, एबीवीपी के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. राकेश लवानिया, नगर अध्यक्ष कृष्ण हरि शर्मा, विभाग छात्रा प्रमुख स्पर्शी शर्मा एवं नगर मंत्री अक्षित शाक्य ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी के माध्यम से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठनात्मक कार्यों, उसके ऐतिहासिक योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। विभिन्न पैनलों के जरिए परिषद की वैचारिक यात्रा, सामाजिक समरसता, शिक्षा, संस्कृति, सेवा और राष्ट्रवाद की चार प्रमुख धाराओं को सरल, आकर्षक और ज्ञानवर्धक रूप में प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में यह दर्शाया गया कि किस प्रकार विद्यार्थी समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकते हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि एबीवीपी केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रहित में कार्य करने वाला एक वैचारिक आंदोलन है, जो युवाओं को नेतृत्व, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित करता है। वर्तमान समय में जब देश युवाशक्ति पर निर्भर है, तब विद्यार्थियों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज निखरा, क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री विपिन गुप्ता, अंशुल श्रीवास्तव, प्रांत संगठन मंत्री अनुज ठाकुर, अंकित पटेल, सत्यम मिश्रा सहित ब्रज प्रांत के 16 जिलों से आए सैकड़ों विद्यार्थी, युवा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक उत्साह का वातावरण देखने को मिला। अधिवेशन के आगामी सत्रों में विभिन्न शैक्षिक, सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों पर मंथन किया जाएगा।