जागरण टुडे, कासगंज।
सदर कोतवाली क्षेत्र में एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतिका की पहचान रीना देवी पत्नी हुकुम सिंह उम्र करीब 24 वर्ष, मूल निवासी कॉलोनी थाना क्षेत्र सदर कोतवाली के रूप में हुई है। बताया गया है कि मृतिका बीते लगभग एक वर्ष से अहरौली क्षेत्र में किराए के मकान में अपने पति के साथ रह रही थी।
परिजनों व स्थानीय लोगों के अनुसार गुरुवार को दोपहर करीब 11 बजे रीना देवी को अचानक प्रेशर से संबंधित पीड़ा हुई, जिसके चलते उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पड़ोस में रहने वाली आशा खुशबू निवासी शांत पुरी कॉलोनी द्वारा महिला को तत्काल अशोकनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) में भर्ती कराया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और महिला को एक इंजेक्शन लगाया गया तथा एक सीरप मंगवाकर दिया गया। इसके साथ ही खून की जांच भी कराई गई।
इलाज के दौरान महिला की हालत में कोई खास सुधार न होने पर गुरुवार शाम करीब 6 बजे चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने के कुछ समय बाद ही चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मृतिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भिजवा दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतिका के पति हुकुम सिंह द्वारा अभी तक कोई लिखित प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि हुकुम सिंह ने पहले अपनी पत्नी को छोड़कर रीना देवी से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि यह प्रेम कहानी पहले बच्चे के जन्म के बाद ही दुखद मोड़ पर समाप्त हो गई। हालांकि पुलिस इन सभी बिंदुओं की गहनता से जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है।