जागरण टुडे, कासगंज।
सोरों थाना क्षेत्र के ग्राम मनिकापुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेत में भूसे की बुर्जी ढह जाने से किसान की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।
ग्राम मनिकापुर निवासी किसान रामरतन (35) पुत्र वीरी सिंह शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर से खेत पर भूसा लेने गए थे। प्रतिदिन की तरह वह खेत में बनी भूसे की बुर्जी से भूसा निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक बुर्जी असंतुलित होकर ढह गई और रामरतन उसके नीचे दब गए। भारी मात्रा में भूसा गिरने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके।
जब काफी देर तक रामरतन घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो उठे। भतीजा अरुण सहित परिवार के लोग उन्हें तलाशते हुए खेत पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। रामरतन भूसे की बुर्जी के नीचे दबे पड़े थे। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह उन्हें बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए रतन दुलारे अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद रामरतन को मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किसान रामरतन अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां शीष बती, पत्नी रविता, बेटी तनु (8), बेटे ओमप्रकाश (6) और ओमकांत (5) का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।