फतेहगंज पूर्वी। कस्तूरी लाल इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित विशेष शिविर का शनिवार को समापन हुआ। समापन समारोह में सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, नशा मुक्ति और जनजागरूकता को लेकर सशक्त संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि मंडलीय उप शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) बरेली मुन्ने अली रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय पाल गंगवार द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
शिविर के अंतिम दिन स्वयंसेवकों ने नशा मुक्ति को केंद्र में रखते हुए नाट्य प्रस्तुति दी, जिसमें नशे के कारण परिवार, समाज और युवाओं पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। प्रस्तुति ने दर्शकों को गहराई से सोचने पर मजबूर किया।
मुख्य अतिथि मुन्ने अली ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि समाज की बुराइयों को जड़ से समाप्त करने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करना जरूरी है। इसके लिए वृक्षारोपण, नारी शिक्षा, जैविक खेती, स्वच्छता और मतदाता जागरूकता जैसे अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी इसरार अहमद ने किया। इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा विभाग से प्रदीप शर्मा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक अशोक शर्मा, कृष्ण पाल गंगवार और निषाद अंजुम मौजूद रहे। कस्तूरी लाल इंटर कॉलेज से मयंक तिवारी, रामकिशोर, धर्मेंद्र और संजय गॉड ने सहभागिता की।
ग्राम प्रधान कुमारी मनीष यादव ने नारी शिक्षा को समाज के विकास की रीढ़ बताते हुए बालिकाओं की शिक्षा पर जोर दिया। शिविर में स्वयंसेवकों वंदना, जेवा, शिवांगी, अनुज, अमित मौर्य, प्रशांत गंगवार सहित अन्य ने सक्रिय भूमिका निभाई।