जागरण टुडे, लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी एवं भाजपा नेता अपर्णा यादव से तलाक लेने की घोषणा की है। प्रतीक यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने वैवाहिक रिश्ते को समाप्त करने की बात कही और पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए।
प्रतीक यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि वह जल्द से जल्द अपर्णा यादव से तलाक लेने जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपर्णा ने उनके पारिवारिक रिश्तों को नुकसान पहुंचाया और उनका एकमात्र उद्देश्य प्रसिद्धि और प्रभाव हासिल करना रहा है। प्रतीक के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम के चलते उनकी मानसिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है, जबकि अपर्णा को इसकी कोई चिंता नहीं है।
इंस्टाग्राम पोस्ट में प्रतीक यादव ने यह भी लिखा कि उन्होंने अपने जीवन में कभी ऐसी “बुरी आत्मा” नहीं देखी और इसे अपना दुर्भाग्य बताया कि उन्होंने अपर्णा यादव से विवाह किया। प्रतीक ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय उन्होंने लंबे मानसिक तनाव और पारिवारिक परिस्थितियों को देखते हुए लिया है।
गौरतलब है कि अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। अपर्णा यादव का यह राजनीतिक फैसला उस समय काफी चर्चा में रहा था।
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी लगभग 14 वर्ष पूर्व प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र हैं, जबकि अखिलेश यादव मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी के पुत्र हैं। इस पारिवारिक पृष्ठभूमि के कारण यह मामला राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर सुर्खियों में आ गया है।
फिलहाल अपर्णा यादव की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। तलाक की प्रक्रिया और आरोपों की सच्चाई को लेकर आगे की स्थिति कानूनी कार्यवाही के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।