गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टुडे, कासगंज । जनपद के थाना ढोलना क्षेत्र के गांव जखेरा में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक ढोलना जगदीश चंद्र के अनुसार बुधवार 3 जून 2026 को सुबह करीब 10 बजे ग्राम प्रधान सत्यवीर सिंह जखेरा द्वारा मोबाइल फोन से सूचना दी गई कि गांव निवासी अरविंद पुत्र श्यामलाल उम्र लगभग 30 वर्ष ने अपने घर के कमरे में छत पर लगे पंखे के कुंडे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अरविंद पांच भाइयों में से एक था। उसके दो भाइयों सूरज और संजय की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी है, जबकि अन्य भाई धर्मेंद्र और भूपेंद्र दिल्ली में रहकर मजदूरी का कार्य करते हैं। अरविंद मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
बताया गया कि अरविंद की शादी लखनऊ जनपद के डालीगंज निवासी रंजना से हुई थी। दंपति के दो पुत्र हैं, जिनमें बड़ा बेटा उर्वेश करीब ढाई वर्ष और छोटा बेटा मयंक लगभग एक वर्ष का है। ग्रामीणों के अनुसार करीब तीन माह पूर्व उसकी पत्नी छोटे बेटे मयंक को दवा दिलाने की बात कहकर घर से चली गई थी और वापस नहीं लौटी। वह बड़े बेटे उर्वेश को घर पर ही छोड़ गई थी। तभी से अरविंद मानसिक तनाव में चल रहा था।
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया और मौके से साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस का कहना है कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल गांव में कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।