जागरण टुडे, कासगंज।
ढोलना थाना क्षेत्र के एक गांव में हुए बहुचर्चित नेहा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका की आरोपी मां को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले में पहले ही कई नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। आरोपी मां की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच में अहम कड़ी जुड़ गई है।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पूर्व गांव की रहने वाली नेहा अपने प्रेमी युवक के साथ घर से चली गई थी। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों को तलाश कर पकड़ लिया। इसके बाद नेहा को घर लाकर कथित तौर पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि इसी दौरान परिजनों और रिश्तेदारों ने मिलकर नेहा की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जला दिया।
घटना के बाद मामला तब उजागर हुआ, जब प्रेमी युवक ने ढोलना थाना पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी और तहरीर सौंपी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतका नेहा के माता-पिता सहित अन्य परिजनों और रिश्तेदारों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
इंस्पेक्टर ढोलना गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि इस हत्याकांड में नामजद कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मां को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी से घटना से जुड़े कई अहम तथ्यों की जानकारी मिली है।
पुलिस ने आरोपी मां को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। नेहा हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में आक्रोश भी देखा जा रहा है और लोग दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।