राहुल गुप्ता, पटियाली/कासगंज।
जनपद के थाना पटियाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंदनपुरा में पुलिस टीम पर हुए पथराव की गंभीर घटना में लंबे समय से वांछित चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कासगंज अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत की गई।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 17 मार्च 2025 को ग्राम चंदनपुरा में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद की सूचना पर थाना पटियाली पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस द्वारा स्थिति को शांत कराने और कानून व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया जा रहा था, तभी दोनों पक्षों के लोगों ने उग्र होकर पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी और कानून व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हुई थी।
घटना के संबंध में थाना पटियाली पर मु0अ0सं0 153/25 अंतर्गत धारा 109(1), 190, 191(2), 191(3), 324(4) भारतीय न्याय संहिता एवं 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए पूर्व में कई अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि उक्त प्रकरण में वांछित अभियुक्त दिनेश पुत्र हरी सिंह निवासी ग्राम चंदनपुरा अपने गांव के आसपास ही छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर थाना पटियाली पुलिस टीम ने दबिश देकर दिनांक 31 जनवरी 2026 की रात्रि अभियुक्त को ग्राम चंदनपुरा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना पटियाली लोकेश सिंह भाटी मय पुलिस टीम शामिल रही।