जागरण टुडे,कासगंज।
सोरों नगर के लिए गर्व का क्षण है। नगर की होनहार खिलाड़ी बंदिनी उपाध्याय ने उत्तर प्रदेश स्टेट (वेस्टर्न) आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और प्रदेश स्तर पर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल सोरों बल्कि पूरे जनपद कासगंज में खुशी की लहर दौड़ गई है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता एचआरआईटी यूनिवर्सिटी, दुहाई (गाजियाबाद) में 30, 31 जनवरी एवं 1 फरवरी 2026 को आयोजित की गई, जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से सैकड़ों महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
बंदिनी उपाध्याय ने युथ वर्ग के 65 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लेते हुए अपने सभी मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन किया। कठिन प्रतिस्पर्धा के बावजूद उन्होंने आत्मविश्वास, तकनीक और ताकत के बेहतरीन संतुलन के साथ अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
बंदिनी की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि यदि लगन, मेहनत और सही मार्गदर्शन मिले तो छोटे शहरों और कस्बों की बेटियां भी प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। उनकी इस सफलता ने अन्य बेटियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद बंदिनी के परिजनों, प्रशिक्षकों और नगरवासियों में उत्साह का माहौल है। सभी ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। स्थानीय खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने भी बंदिनी को बधाई देते हुए कहा कि वह आने वाले समय में देश का नाम रोशन करेंगी।
बंदिनी उपाध्याय की यह जीत नारी शक्ति, आत्मनिर्भरता और खेल प्रतिभा का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है।