जागरण टुडे,कासगंज।
सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अशोक नगर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान हाथरस जनपद के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला कदकोटा निवासी रहमान (20) पुत्र जमील अहमद के रूप में हुई है। बताया गया कि रहमान मंगलवार की सुबह करीब दस बजे कासगंज के मोहल्ला बड्डू नगर स्थित अपनी ननिहाल से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह सदर कोतवाली क्षेत्र में रोशन लाल मिष्ठान भंडार के सामने पहुंचा, अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर बने डिवाइडर से टकरा गई।
फोटो कैप्शन। मृतक रहमान का फाइल फोटो।
डिवाइडर से टकराने के बाद रहमान सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अशोक नगर स्थित (सीएचसी) ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। मृतक की बहन नेहा (22) ने बताया कि रहमान अपने पिता के साथ कढ़ाई-बुनाई का काम करता था और वही परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा था। रहमान परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी बहन नेहा और खुद रहमान दोनों अविवाहित थे।
मृतक की मां मुमताज का बेटे की मौत के बाद रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्य और रिश्तेदार भी गहरे सदमे में हैं। युवक की असमय मौत से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सदर कोतवाली पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।