Tuesday, March 31, 2026

Mathura News: महाशिवरात्रि व होली को लेकर प्रशासन अलर्ट

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 3, 2026

Mathura News:  महाशिवरात्रि व होली को लेकर प्रशासन अलर्ट

डीएम–एसएसपी ने ली संयुक्त बैठक, सुरक्षा व सुविधाओं के सख्त निर्देश

दिनेश कुमार, मथुरा

 जनपद में आगामी महाशिवरात्रि एवं होली पर्वों को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पर्वों के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।

जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि पूरे जनपद में विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व 15 फरवरी 2026 तथा होली पर्व 4 मार्च 2026 को मनाया जाएगा, जिसके दृष्टिगत सभी विभाग अपनी तैयारियां समय से पूर्ण कर लें।

ब्रज क्षेत्र में होली के प्रमुख आयोजनों की तिथियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 24 फरवरी को बरसाना में लड्डू होली, 25 फरवरी को बरसाना में लट्ठमार होली, 26 फरवरी को नंदगांव में लट्ठमार होली, 27 फरवरी को श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर एवं श्री बांके बिहारी जी मंदिर में होली, 28 फरवरी को गोकुल में छड़ीमार होली, 3/4 मार्च को ग्राम फालैन में जलती हुई होली से पंडा निकलने की परंपरा तथा 5 मार्च को दाऊजी महाराज का प्रसिद्ध हुरंगा आयोजित होगा।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि सभी ट्रांसफार्मरों व विद्युत खंभों की प्लास्टिक रैपिंग कराई जाए तथा लटके हुए तारों को व्यवस्थित किया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पर्वों के दौरान महत्वपूर्ण मार्गों पर एंबुलेंस की तैनाती और आपात स्थिति के लिए अस्पताल चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एसपी यातायात को पर्वों से पूर्व रूट डायवर्जन की योजना लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में समय से पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने एवं त्योहार रजिस्टर का अवलोकन कर सभी तैयारियां दुरुस्त रखने को कहा।

महाशिवरात्रि के दृष्टिगत शिव मंदिरों पर भीड़ नियंत्रण के लिए सभी उप जिलाधिकारियों को मंदिरों का पूर्व निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग को गड्ढामुक्त सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, यातायात एवं सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय, रैंप, लाइटिंग व दिशा सूचक बोर्ड लगाने, यमुना घाटों पर बैरिकेडिंग, आवारा पशुओं की पकड़, निराश्रित गौवंशों को गौशालाओं में भेजने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग गुलवीर सिंह, एसडीएम छाता वैभव गुप्ता, एसडीएम महावन कंचन, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, आबकारी अधिकारी उपेंद्र सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.