जागरण टुडे, कासगंज। जनपद में अपराध नियंत्रण की दिशा में थाना सिढ़पुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिढ़पुरा पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलों सहित दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कासगंज अंकिता शर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक कासगंज सुशील कुमार गंगाप्रसाद के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी पटियाली संदीप वर्मा के नेतृत्व में की गई।
थानाध्यक्ष सिढ़पुरा रंजीत कुमार ने बताया कि थाना सिढ़पुरा पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 19/2026 धारा 303(2), 317(2), 317(5), 318(4) बीएनएस के अंतर्गत वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर 03 फरवरी 2026 को मोहनपुर रोड स्थित राजपुर गेट के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कुलदीप पुत्र श्यामलाल उम्र लगभग 35 वर्ष निवासी नगला धीमर थाना सिढ़पुरा जनपद कासगंज तथा सत्यवीर पुत्र म्याप्रसाद उम्र लगभग 25 वर्ष निवासी नगला धीमर थाना सिढ़पुरा जनपद कासगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें वाहन संख्या UP 87 H 9715 हीरो होंडा स्प्लेंडर, UP 80 AF 7204 हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस तथा UP 87 24945 हीरो होंडा स्प्लेंडर शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त लंबे समय से क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी थाना सिढ़पुरा जनपद कासगंज में मुकदमा संख्या 123/2021 धारा 379 भादवि तथा जनपद हाथरस के थाना सिकंदराराऊ में मुकदमा संख्या 346/2023 धारा 379 भादवि पंजीकृत है।
बरामदगी के आधार पर गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, उपनिरीक्षक बचन सिंह, उपनिरीक्षक प्रदीप मलिक, कांस्टेबल 83 शंशांक दुबे, कांस्टेबल 981 अजय तालियान तथा कांस्टेबल 1036 कोशिंदर शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।