जागरण टुडे,कासगंज। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को परखने के उद्देश्य से डिप्टी CMO डॉ. कुलदीप सिंह एवं DCPM के.पी. सिंह द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पटियाली का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, अभिलेखों के संधारण, साफ-सफाई व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता तथा ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की उपस्थिति का गहन अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के समय संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं दैनिक सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान नियमित टीकाकरण सत्रों की प्रगति, ओपीडी सेवाओं की स्थिति, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रदान की जा रही सुविधाएं, रजिस्टर संधारण एवं रिपोर्टिंग प्रणाली की बारीकी से जांच की गई। व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण उपरांत अधिकारियों द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर लधोली, बहोरा एवं मूड़ा का भी स्थलीय भ्रमण किया गया। यहां ओपीडी संचालन, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, टीकाकरण व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान समस्त स्टाफ उपस्थित मिला तथा केंद्रों पर संचालित स्वास्थ्य सेवाएं संतोषजनक पाई गईं। अधिकारियों ने जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर बल दिया।