बदायूं जिले के विकासखंड जगत की नगर पंचायत गुलड़िया में स्थित डॉ. सतीश चंद्र सिंह इंटर कॉलेज में सीनियर छात्रों के सम्मान में एक भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य जूनियर छात्रों द्वारा अपने सीनियर साथियों को शुभकामनाओं के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए विदा करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के कोषाध्यक्ष बाबू सिंह राठौर द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए देशभक्ति गीतों एवं प्रेरणादायक नाटकों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों ने देशप्रेम, अनुशासन और शिक्षा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन रोहिताश कुमार द्वारा कुशलता एवं प्रभावी अंदाज़ में किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की। जूनियर छात्रों ने सीनियर छात्रों को माला पहनाकर, उपहार भेंट कर तथा शुभकामनाएं देकर उन्हें विदाई दी। इस दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और भावनात्मक क्षणों से गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने सीनियर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में वीरेंद्र कुमार सिंह, हरिओम सिंह, पुरुषोत्तम पटेल, उमेश सिंह, रामशरण सिंह, मोहित कुमार, मुनीष कुमार, निशमा, रजनी पांडे, गीतांजलि, अरीवा खान एवं डॉली चौहान सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।