जागरण टुडे, राहुल गुप्ता,पटियाली।
जनपद कासगंज के पटियाली क्षेत्र के ग्राम अशोकपुर निवासी एक युवक की हरियाणा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। 22 वर्षीय रमन सोलंकी पुत्र संतोष सोलंकी का शव हरियाणा के गुरुग्राम जनपद अंतर्गत मानेसर शहर में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक के बड़े भाई पवन सोलंकी ने बताया कि रमन मानेसर स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। इसके साथ ही वह अतिरिक्त आमदनी के लिए ओला कैब भी चलाता था। परिवार का कहना है कि रमन मेहनती और जिम्मेदार युवक था तथा अपने भविष्य को लेकर काफी योजनाएं बना रहा था। शुक्रवार को अचानक रमन की मौत की सूचना मिलने से परिवार स्तब्ध रह गया।
सूचना मिलते ही मानेसर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों का आरोप है कि रमन की पहले हत्या की गई और बाद में उसके शव को फांसी के फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि रमन किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी में नहीं था और आत्महत्या जैसा कदम उठाने की कोई वजह नहीं थी। शरीर पर चोट के निशान होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिसे लेकर परिजन सवाल उठा रहे हैं।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन मानेसर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
शनिवार की शाम रमन का शव उसके पैतृक गांव अशोकपुर लाया गया। गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।