Tuesday, March 31, 2026

Bareilly news : खराब खड़े गन्ना लदे ट्रक में घुसी कार, शादी से लौट रहे तीन लोग गंभीर घायल

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 10, 2026

Bareilly news : खराब खड़े गन्ना लदे ट्रक में घुसी कार, शादी से लौट रहे तीन लोग गंभीर घायल

जागरण टुडे, मीरगंज(बरेली)

बरेली जनपद के मीरगंज तहसील क्षेत्र के धनेटा–शीशगढ़ रोड पर गांव जुन्हाई और फिरोजपुर के बीच बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खराब हालत में खड़े ओवरलोड गन्ना लदे ट्रक में पीछे से एक आल्टो कार जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान धनेटा फाटक निवासी सुखनंदन, अवधेश कुमार और उनके चाचा सुम्मेरी लाल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए निजी अस्पताल भिजवाया।

बताया गया कि कार सवार चाचा-भतीजे शीशगढ़ में एक रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि गन्ना लदा ट्रक रविवार दोपहर से ही सड़क किनारे खराब हालत में खड़ा था। ट्रक के आगे-पीछे कोई चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर या पार्किंग लाइट नहीं लगी थी, जिससे रात के समय वाहन चालकों को ट्रक दिखाई नहीं दिया और यह हादसा हो गया।

टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक से गन्ने निकलकर कार के अंदर तक घुस गए, जिससे घायलों के सीने में गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गए। हालांकि कार के एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था।

थानाध्यक्ष राजेश भैसला ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.