जागरण टुडे, कासगंज। आगामी प्रमुख पर्वों महाशिवरात्रि, रमजान माह को लेकर सिढ़पुरा थाना परिसर में शान्ति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने की, जिसमें नगर एवं क्षेत्र के सभ्रांत व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने भाग लेकर त्योहारों को शान्तिपूर्ण व भाईचारे के साथ सम्पन्न कराने पर विचार-विमर्श किया।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने कहा कि सभी पर्व हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। इन्हें आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना से मनाया जाना चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी, लेकिन शान्ति व्यवस्था बनाए रखने में आमजन की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। पुलिस और जनता के समन्वय से ही क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सकता है।
बैठक में कस्बा इंचार्ज उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह ने भी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा जुलूस, नमाज़, पूजा आयोजन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि सम्मी कपूर गुप्ता, विकास पाण्डेय, विशाल बाबू गुप्ता, वाहिद अली, निजाम अहमद, डिम्पल गुप्ता, आमोद कुमार, ग्रीस चन्द्र सहित नगर व क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में त्योहारों को शान्ति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।