जागरण टुडे,कासगंज(उदित विजयवर्गीय)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कासगंज के तत्वावधान में ब्लॉक गंजडुंडवारा परिसर में वृहद विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कासगंज के सचिव गिरेंद्र सिंह ने की।
शिविर में निर्धन वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ उनके विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क कानूनी सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को मुफ्त अधिवक्ता, विधिक परामर्श, दस्तावेज तैयार कराने, न्यायालयीन प्रक्रिया में सहायता तथा लोक अदालत के माध्यम से त्वरित न्याय की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
शिविर के दौरान घरेलू हिंसा, भरण-पोषण, पारिवारिक एवं भूमि विवाद, श्रमिक अधिकार, महिला व बाल संरक्षण अधिनियम, वरिष्ठ नागरिक अधिनियम, बाल श्रम निषेध कानून, साइबर अपराध तथा एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी गई। साथ ही शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, टोल-फ्री हेल्पलाइन एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यमों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।
विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों का स्थल पर ही चिन्हांकन, पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था व दिव्यांग पेंशन, श्रम विभाग की योजनाएं, राशन कार्ड तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया गया।
सचिव गिरेंद्र सिंह ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य केवल न्यायालयों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्ग तक न्याय, अधिकार और योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जागरूक नागरिक ही सशक्त समाज की नींव होते हैं।
इस अवसर पर अधिकार मित्र शैलेश कुमार, अशोक कुमार सहित विधिक सेवा से जुड़े कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए कहा कि एक ही मंच पर कानूनी सहायता, परामर्श और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलना आमजन के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम के दौरान बीडीओ कुलदीप कुमार, सीडीपीओ सचिन कुमार, बीएओ सुरेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।