जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद में बलवा और जानलेवा हमले के मामलों में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त संदीप पाण्डेय को पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी को हजारा नहर पुल के पास से पकड़ा गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली। क्षेत्राधिकारी क्राइम अमित कुमार व क्षेत्राधिकारी नगर आँचल चौहान के नेतृत्व में कोतवाली कासगंज, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त संदीप पाण्डेय पुत्र चन्द्रशेखर पाण्डेय निवासी ग्राम गढ़ी हरनाठेर थाना ढोलना जनपद कासगंज है। वह मु0अ0सं0 641/2022 धारा 147, 148, 323, 332, 353, 504, 506, 336, 427 भादवि, 7 सीएल एक्ट व 3/5 लोक सम्पत्ति क्षति निवारण अधिनियम तथा मु0अ0सं0 642/2022 धारा 147, 307, 504, 506 भादवि व 7 सीएल एक्ट में वांछित चल रहा था। उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार संदीप पाण्डेय थाना ढोलना का पंजीकृत हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर अपराधी है। उसके विरुद्ध करीब दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। वर्ष 2023 में उसे गैंगस्टर एक्ट के तहत न्यायालय कासगंज द्वारा सात वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई थी। वर्तमान में वह अपील व जमानत पर था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए स्वयं को तथाकथित किसान यूनियन संगठन स्वराज का सदस्य भी बताता रहा है। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली कासगंज में विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कासगंज प्रवेश राणा, प्रभारी निरीक्षक सर्विलांस प्रेमपाल सिंह, प्रभारी एसओजी चंचल कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।