जागरण टुडे,कासगंज।
प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवती को नहर किनारे बुलाकर जानबूझकर बाइक से टक्कर मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार दोपहर हजारा नहर के समीप हुई इस घटना में 22 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपित युवक को मौके से हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान चंद्रवती पत्नी कीर्ति विक्रम, निवासी चित्रगुप्त कॉलोनी पुलिया नंबर-5, थाना कासगंज के रूप में हुई है। घटना गुरुवार दोपहर लगभग 1:30 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार सागर भारती निवासी उसेत, जिला बदायूं ने प्रेम प्रसंग के चलते चंद्रवती को अकेले मिलने के लिए हजारा नहर के पास बुलाया था।
पीड़िता के पति कीर्ति विक्रम का आरोप है कि उन्हें इस मुलाकात की जानकारी होने पर वह भी अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंच गए। पति को साथ देखकर आरोपित भड़क गया। आरोप है कि इसी दौरान वह अपाचे बाइक लेकर पीछे से आया और चंद्रवती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला उछलकर सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपित युवक को बाइक समेत हिरासत में ले लिया। घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों पैरों में फ्रैक्चर की पुष्टि की। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।