जागरण टुडे, कासगंज। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी प्रदीप विमल एवं क्षेत्राधिकारी पटियाली संदीप वर्मा ने संयुक्त रूप से कादरगंज गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व सुविधाओं की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
व्यवस्थाओं मे खामियो पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट क्षेत्र में मौजूद व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि गंगा घाट पर अभी वॉच टावर, चेंजिंग रूम तथा सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था नहीं है। इस पर उपजिलाधिकारी प्रदीप विमल ने मौके पर उपस्थित जिला पंचायत के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अविलंब वॉच टावर, चेंजिंग रूम एवं सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए जाएं, ताकि भीड़ की प्रभावी निगरानी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की कमी न रहे।
आपको बता दे प्रशासन द्वारा कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए है। जिसके क्रम मे घाट क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी बैरिकेडिंग, मजबूत रेलिंग, फिसलन रोकने हेतु मैट, साफ-सफाई, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, एंबुलेंस तथा गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही आपदा प्रबंधन टीम को भी अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया है।
वही भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग बनाए जाने, कांवड़ियों के लिए विश्राम स्थल, शौचालय तथा वस्त्र परिवर्तन हेतु चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए है।
सीओ पटियाली संदीप वर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर गंगा घाट पर भारी संख्या में श्रद्धालु एवं कांवड़िये पहुंचते हैं। ऐसे में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, निरंतर पैदल गश्त, ड्रोन एवं सीसीटीवी निगरानी तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष चौकसी रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम को भी अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उपजिलाधिकारी प्रदीप विमल ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और महाशिवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हो सके।