जागरण टुडे, कासगंज। सिढ़पुरा क्षेत्र मे बीती देर रात सिढ़पुरा–अमांपुर मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बरातियों से भरी बस निर्माणाधीन नाले के पुल के पास नाले में जा घुसी। गनीमत रही कि हादसे में किसी की गंभीर जानहानि नहीं हुई, हालांकि बस में सवार कई लोगों को खरोंचें व हल्की चोटें आईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिकन्दराराऊ से एक बरात बस द्वारा अमांपुर जा रही थी। रास्ता भटकने के बाद बस सिढ़पुरा–अमांपुर मार्ग पर दहेली बुजुर्ग गांव के पास पहुंची, जहां पुराने पुल को चौड़ा करने का निर्माण कार्य चल रहा है। पुल के समीप नाले में मिट्टी डालकर अस्थायी डाइवर्जन मार्ग बनाया गया था, लेकिन मौके पर मार्ग परिवर्तन अथवा डाइवर्जन के कोई सूचक बोर्ड नहीं लगाए गए थे।
रात के अंधेरे में चालक को डाइवर्जन दिखाई नहीं दिया और बस सीधे नाले में उतर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह, महावीर सिंह हमराह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विभागीय लापरवाही साफ तौर पर सामने आई, क्योंकि निर्माण स्थल पर न तो चेतावनी संकेतक थे और न ही मार्ग परिवर्तन के बोर्ड लगाए गए थे।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि हादसे के बाद बस का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है तथा मामले की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य करवा रहे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।