Monday, June 15, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज के किलोनी रफातपुर गांव में आधुनिक तरीके से लाखों की चोरी, 10.50 लाख नकदी समेत 35 लाख के जेवरात ले उड़े शातिर चोर

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 15, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज के किलोनी रफातपुर गांव में आधुनिक तरीके से लाखों की चोरी, 10.50 लाख नकदी समेत 35 लाख के जेवरात ले उड़े शातिर चोर


परिजन घर में सोते रहे, चोर कमरे का ताला और सूटकेश खोलकर स्टील का कमंडल उठा ले गए; पुलिस, फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटे


गुड्डू यादव, कासगंज।

जागरण टूडे, कासगंज।

सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव किलोनी रफातपुर में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात शातिर चोरों ने बेहद सुनियोजित और आधुनिक तरीके से चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह रही कि घर के सभी सदस्य पूरी रात सोते रहे और चोर लाखों रुपये की नकदी तथा कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई।



गांव किलोनी रफातपुर निवासी सतेन्द्र यादव उर्फ भूरे का मकान मुख्य सड़क किनारे स्थित है। पीड़ित के अनुसार रविवार और सोमवार की रात अज्ञात चोर घर में दाखिल हो गए। जिस कमरे में नकदी और जेवरात रखे हुए थे, उस कमरे का ताला चोरों ने बिना किसी शोर-शराबे के आधुनिक तकनीक से खोल लिया। इसके बाद उन्होंने कमरे में रखे संदूक से सूटकेश की चाबी निकाली और सूटकेश खोलकर उसमें रखा स्टील का कमंडल अपने कब्जे में ले लिया।


पीड़ित ने बताया कि स्टील के कमंडल में करीब साढ़े दस लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी। यह रकम मकान खरीदने के उद्देश्य से लंबे समय से एकत्रित की गई थी। इसके अलावा उसमें लगभग 20 लाख रुपये कीमत के जेवरात भी रखे थे। चोरी हुए जेवरों में 22 सोने की अंगूठियां, दो चांदी की कुंदनियां, एक सोने की कुंदनी, दो सोने की चेन, कुंडल और छल्ले शामिल हैं। तकरीबन 50 लाख रूपये का सामान चोर ले गये।

सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो कमरे का सामान अस्त-व्यस्त देखकर उनके होश उड़ गए। चोरी की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सदर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वॉड की मदद से चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.