Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS सोरों में महाशिवरात्रि को लेकर कांवड़ मेले में उमड़ा जनसैलाब, लहरा गंगा घाट पर ड्रोन से निगरानी

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 13, 2026

KASGANJ NEWS सोरों में महाशिवरात्रि को लेकर कांवड़ मेले में उमड़ा जनसैलाब, लहरा गंगा घाट पर ड्रोन से निगरानी


अंकित पंडित,

जागरण टुडे, सोरों/कासगंज।

तीर्थ नगरी सोरों में महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर कांवड़ मेला पूरे शबाब पर पहुंच गया है। पावन अवसर से पूर्व ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। विशेष रूप से लहरा गंगा घाट पर कांवड़ियों का तांता लगा हुआ है। दूर-दराज जनपदों और पड़ोसी राज्यों से आए श्रद्धालु गंगाजल भरकर भगवान शिव के अभिषेक के लिए रवाना हो रहे हैं।

घाट क्षेत्र में सुबह से ही “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष गूंज रहे हैं। कांवड़िए अनुशासित ढंग से पंक्तिबद्ध होकर गंगाजल भर रहे हैं। मेले के चलते स्थानीय बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। पूजन सामग्री, कांवड़ और अन्य धार्मिक वस्तुओं की दुकानों पर भीड़ देखी जा रही है।



अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सोरों कोतवाली के इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र स्वयं मेले की व्यवस्थाओं की कमान संभाले हुए हैं। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए ड्रोन कैमरे के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी कांवड़िये के साथ कोई अप्रिय घटना न घटित हो सके।



इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। घाट की ओर जाने वाले मार्गों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं और श्रद्धालुओं को दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की जा रही है।

महाशिवरात्रि का पावन पर्व 15 फरवरी को श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे निर्विघ्न रूप से पूजा-अर्चना कर सकें।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.