जागरण टुडे, पटियाली /कासगंज।
जनपद के सुन्नगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव गनेशपुर भाटन में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। बुधवार देर शाम दो बच्चों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसे गांव के बुजुर्गों ने हस्तक्षेप कर शांत करा दिया था। हालांकि अगले ही दिन सुबह दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और विवाद ने उग्र रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि जसवीर पुत्र मेघ सिंह के नाती का गांव के ही मुकेश पुत्र अमर सिंह के बेटे से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सुबह होते-होते दोनों परिवारों के लोग इकट्ठा हो गए और कहासुनी के बाद जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में एक पक्ष के 10 तथा दूसरे पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में एक पक्ष से हेम सिंह, जसवीर, दुर्बीन, नीरज, प्रकाश, योगेंद्र, सावित्री, रामवीर, अमन और सुभाष शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से मुकेश, संजू, रमेश समेत चार लोग घायल हुए हैं। घायल जसवीर का आरोप है कि दूसरे पक्ष की ओर से फायरिंग भी की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद दोनों पक्षों के परिजन सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल करीब एक दर्जन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया गया है कि दूसरे पक्ष के मुकेश और संजू की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।