Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज कोतवाल प्रवेश राणा पर फिर गंभीर आरोप, शिकायतकर्ता को पीटकर हवालात में बंद करने का आरोप; युवक लापता

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 13, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज कोतवाल प्रवेश राणा पर फिर गंभीर आरोप, शिकायतकर्ता को पीटकर हवालात में बंद करने का आरोप; युवक लापता


जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज

 जनपद कासगंज में तैनात कोतवाल प्रवेश राणा पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगे हैं। इस बार मामला फर्रुखाबाद जनपद के जैनापुर निवासी एक युवक से जुड़ा है, जो कथित रूप से मारपीट और हवालात में बंद किए जाने के बाद से लापता बताया जा रहा है। घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद के जैनापुर निवासी विकास पुत्र सुरेश अपने बहनोई के घर आया हुआ था। कुछ माह पूर्व वह निजी कार्य से कासगंज गया था, जहां उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया। मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराने के लिए वह कोतवाली कासगंज पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि शिकायत दर्ज करने के बजाय कोतवाल प्रवेश राणा ने विकास के साथ अभद्र व्यवहार किया।

परिवार का कहना है कि कोतवाल ने विकास को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उसका एक हाथ भी टूट गया। आरोप है कि इसके बाद उसे हवालात में बंद कर दिया गया। परिजनों का यह भी दावा है कि बाद में उसका कथित रूप से गलत मेडिकल परीक्षण कराया गया।

बताया जा रहा है कि विकास ने इस घटना के संबंध में अपने सोशल मीडिया (ट्विटर) अकाउंट से पोस्ट भी किया था। हालांकि, इसके कुछ समय बाद से वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

इस घटना के सामने आने के बाद कोतवाल प्रवेश राणा पर पहले से लगे अन्य आरोपों की भी चर्चा फिर से तेज हो गई है। स्थानीय स्तर पर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस प्रकरण में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

परिवार ने उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और युवक की सकुशल बरामदगी की मांग की है।


वर्जन

इंस्पेक्टर प्रवेश राणा ने बताया जो भी आरोप लगाये जा रहे हैं, बेबुनियाद है, में हर शिकायत कर्ता की शिकायत को प्राथमिकता देता हूं, कौन लडका कहां का लडका कब आया था कोतवाली में मुझे जानकारी नहीं है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.