जागरण टुडे, कासगंज।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में परिषदीय परीक्षा आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट सहित संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। परीक्षा का आयोजन उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के तत्वावधान में किया जाएगा।
इतने परीक्षार्थी होंगे परीक्षा में शामिल
जिले में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों के लिए कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें हाईस्कूल के 21,717 तथा इंटरमीडिएट के 18,645 परीक्षार्थी सहित कुल 40,362 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक संचालित होगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा जारी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्रों का वातावरण स्वास्थ्यप्रद, शांतिपूर्ण और भयमुक्त होना चाहिए। सभी केंद्रों पर पर्याप्त भौतिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं ताकि किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर सभी परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाए। बालिका परीक्षार्थियों की तलाशी केवल महिला अध्यापिकाओं द्वारा ही की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों एवं वॉयस रिकॉर्डिंग सिस्टम की प्रभावी कार्यशीलता की प्रतिदिन जांच सुनिश्चित की जाए। विद्यालय में प्रश्नपत्र प्राप्त होने के बाद से ऑनलाइन कैमरे लगातार क्रियाशील रहेंगे तथा समस्त परीक्षा प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में ही संपन्न होगी। रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को उनके कर्तव्यों और अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रश्नपत्र का लिफाफा खोलते समय उस पर अंकित विवरण—प्रश्नपत्र संकेतांक, विषय, परीक्षा तिथि एवं पाली—का सावधानीपूर्वक मिलान करने के उपरांत ही लिफाफा खोला जाए। ओएमआर शीट भरने एवं संकलन की प्रक्रिया भी निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई जाए।
ये होगी व्यवस्थाए
परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छता, प्राथमिक चिकित्सा तथा अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सुनिश्चित की जाए। अतिसंवेदनशील केंद्रों का विशेष रूप से निरंतर सघन निरीक्षण किया जाएगा तथा सभी केंद्रों पर पर्याप्त सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी भी स्थिति में परीक्षा अवधि के दौरान बाहरी व्यक्ति को केंद्र परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इन चीजों का रहेगा प्रतिबंध
इसके अतिरिक्त, परीक्षा अवधि में परीक्षार्थियों, कक्ष निरीक्षकों एवं परीक्षा कार्य में लगे कर्मचारियों द्वारा मोबाइल फोन अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम पटियाली, मुख्य चिकित्साधिकारी, डीआईओएस, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, एआरटीओ, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित समस्त जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।