मुख्य विकास अधिकारी डा. पूजा गुप्ता ने शुक्रवार को जिला महिला चिकित्सालय, मथुरा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डा. अनिल कुमार पुरवानी और सभी कर्मचारी उपस्थित मिले।
निरीक्षण के समय सीडीओ ने जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके साथ आए परिजनों से बातचीत कर चिकित्सा सुविधाओं, उपचार और अन्य मूलभूत सेवाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में कुछ स्थानों पर गंदगी पाई गई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक को तत्काल साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि मरीजों और तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कुछ स्थानों पर पानी निकासी के लिए नाली की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण परिसर में जलभराव की स्थिति बन रही है। सीडीओ ने इस संबंध में तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल प्रशासन नियमित रूप से परिसर की साफ-सफाई और आधारभूत सुविधाओं की निगरानी करे, ताकि भविष्य में ऐसी कमियां दोबारा न हों। औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में सक्रियता देखी गई और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई।