- जागरण टुडे,कासगंज।
- जनपद में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना कासगंज–सिकंद्राराऊ मार्ग पर हुई, जहां सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
- प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय नरेश पुत्र अनिल कुमार निवासी गांव पिवारी, थाना मारहरा, जनपद एटा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नरेश किसी कार्य से गांव के बाहर आया हुआ था और देर रातकासगंज–सिकंद्राराऊ हाईवे को पार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नरेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
- हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने परिजनों को जानकारी दी। परिजन तत्काल नरेश को जिला अस्पताल कासगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
- सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान की जा सके।
- पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।
KASGANJ NEWS सड़क क्राँस करते समय युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, उपचार के दौरान मौत, अब तलाशी जा रही हादसे की वजह
लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 14, 2026