Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा कासगंज, लहरेश्वर महादेव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 15, 2026

KASGANJ NEWS महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा कासगंज, लहरेश्वर महादेव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

जागरण टुडे, कासगंज।

जिले भर में श्रद्धा और आस्था का महापर्व महाशिवरात्रि हर्षोल्लास एवं विधि-विधान के साथ मनाया गया। भोर की पहली किरण के साथ ही शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्थित शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। मंदिरों में घंटा-घड़ियाल और शंखध्वनि के बीच भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।



श्रद्धालु गंगाजल, दूध और जल से अभिषेक करने के लिए सुबह से ही मंदिरों में पहुंचने लगे। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अनेक भक्तों ने व्रत रखकर दिनभर भगवान भोलेनाथ की भक्ति की और विधिपूर्वक पूजन-अर्चन किया। भगवान शिव को प्रिय माने जाने वाले बेलपत्र, धतूरा, बेर, आक के पुष्प, चंदन और भस्म अर्पित की गई।

महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गंगा मैया में आस्था की डुबकी लगाई और भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र प्रद्युम्न जी द्वारा स्थापित माने जाने वाले श्री लहरेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर जल, विल्व पत्र और धतूरा अर्पित कर पूजा-अर्चना की। मान्यता है कि लहरेश्वर महादेव से सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूर्ण होती है तथा यहां रुद्राभिषेक करने का विशेष फल प्राप्त होता है। इसी कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और विधिवत रुद्राभिषेक कराया।



मंदिरों में भजन-कीर्तन, महामृत्युंजय जाप और रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा। कई स्थानों पर स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा प्रसाद वितरण और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मंदिरों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रही और भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कासगंज पूरी तरह शिवभक्ति में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.