जागरण टुडे, राहुल गुप्ता पटियाली/
कासगंज। जनपद कासगंज के गंजडुंडवारा नगर में सांप्रदायिक सौहार्द की एक अनूठी मिसाल सामने आई है। यहां एक मुस्लिम समाज की युवती द्वारा बुर्का पहनकर कांवड़ ले जाते हुए का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि हिंदू समाज के लोगों ने कांवड़ लेकर जा रही युवती का फूल-मालाओं से स्वागत कर उसका सम्मान किया।
जानकारी के अनुसार, उक्त युवती कादरगंज गंगा घाट से पवित्र गंगाजल भरकर एटा जनपद के परसोंन गांव स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रही थी। युवती ने बातचीत के दौरान अपना नाम सोनी बताया और कहा कि वह मुस्लिम समाज से संबंध रखती है। बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा में शामिल होने की बात सुनकर वहां मौजूद लोग आश्चर्यचकित रह गए, लेकिन बाद में सभी ने उसकी आस्था का सम्मान करते हुए उसका उत्साहवर्धन किया।
गंजडुंडवारा में यह दृश्य लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कासगंज जनपद हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब के लिए पहचाना जाता रहा है। यहां विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं और एक-दूसरे की आस्थाओं का सम्मान करते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युवती का स्वागत किया गया।
स्वागत करने वालों में संजय गुप्ता (फाइनेंसर), भाजपा नेता पंकज सोलंकी, रामकुमार सिंह चौहान, पप्पू फाइनेंसर, सभासद अखंड प्रताप सिंह चौहान, अमित गुप्ता चंद्रा, प्रदीप गुप्ता, विवेक गुप्ता, राजू गुप्ता सहित अन्य स्थानीय लोग शामिल रहे। सभी ने कहा कि धर्म से ऊपर इंसानियत और आस्था होती है, और किसी की श्रद्धा का सम्मान करना ही सच्ची सामाजिक एकता है।
हालांकि युवती किस स्थान की निवासी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। फिर भी यह घटना क्षेत्र में हिंदू-मुस्लिम एकता और सौहार्द का सकारात्मक संदेश दे रही है।