जागरण टुडे, मीरगंज (बरेली)
बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सिमरिया में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव सिमरिया निवासी छोटेलाल की तीन वर्षीय पुत्री साक्षी रविवार को घर के बाहर खेल रही थी। बताया जा रहा है कि गांव के बाहर गंदे पानी की निकासी के लिए एक गड्ढा खुदवाया गया था, जिसमें आसपास के कई घरों का पानी एकत्र हो रहा था। आरोप है कि गड्ढे को बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था, घेराबंदी या चेतावनी बोर्ड के खुला छोड़ दिया गया था।
खेलते समय मासूम साक्षी अचानक पानी से भरे उसी गड्ढे में गिर गई। जब तक परिजन उसे बाहर निकाल पाते, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल है। साक्षी दो बहनों में एक थी।
परिजनों ने ग्राम प्रधान पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि गड्ढे के चारों ओर सुरक्षा घेरा या ढक्कन लगा होता तो यह हादसा टल सकता था।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।