जागरण टुडे,कासगंज ( उदित विजयवर्गीय)
जनपद में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं आज से कड़ी सुरक्षा, सघन निगरानी और प्रशासनिक सतर्कता के बीच प्रारम्भ हो गईं। जिला प्रशासन ने पहले ही नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं शुचितापूर्ण परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम कर लिये थे, जिनका असर पहले दिन ही परीक्षा केन्द्रों पर साफ दिखाई दे रहा है।
जनपद कासगंज में कुल 64 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 3 अतिसंवेदनशील तथा 14 संवेदनशील केन्द्र चिन्हित किए गए हैं। हाईस्कूल में 21,717 तथा इंटरमीडिएट में 18,645 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इस प्रकार कुल 40,362 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित की जा रही हैं—प्रथम पाली प्रातः 8:30 से 11:45 बजे तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक।
सभी परीक्षा केन्द्रों पर CCTV कैमरे व वॉयस रिकॉर्डर युक्त कक्षों में परीक्षा कराई जा रही है। निगरानी हेतु 3 जोनल मजिस्ट्रेट, 8 सेक्टर मजिस्ट्रेट, प्रत्येक केन्द्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट व एक बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक तैनात किया गया है। साथ ही प्रत्येक केन्द्र पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
वही उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन हेतु मुख्य संकलन केन्द्र बीएवी इंटर कॉलेज कासगंज तथा उपसंकलन केन्द्र एसबीआर इंटर कॉलेज पटियाली बनाए गए हैं। परीक्षा केन्द्रों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग के लिए जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से मण्डल, क्षेत्रीय व प्रदेश स्तर से 24×7 निगरानी की जा रही है।
वैसे परीक्षा शुरू होने से एक दिन पूर्व कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा था कि केन्द्र व्यवस्थापक हो या प्रधानाचार्य—यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या शिथिलता पाई गई तो कड़ी कार्रवाई करते हुए केन्द्र को तत्काल ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बताया कि जनपद में बोर्ड परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराई जाएंगी तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दिया जाए। सभी परीक्षा केन्द्रों को पूर्व में ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिये गये थे।