Thursday, April 2, 2026

KASGANJ:सीओ पटियाली की सक्रियता से खुला 10 माह पुराना हत्याकांड, खेत से बरामद हुआ नवविवाहिता का अर्ध सड़ा गला शव

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 18, 2026

KASGANJ:सीओ पटियाली की सक्रियता से खुला 10 माह पुराना हत्याकांड, खेत से बरामद हुआ नवविवाहिता का अर्ध सड़ा गला शव

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज जनपद के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र में करीब दस माह से लापता नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज खुलासा क्षेत्राधिकारी पटियाली संदीप वर्मा की सक्रियता और सख्त कार्रवाई से हुआ है। लंबे समय से ठंडे बस्ते में जा रहे इस प्रकरण को क्षेत्राधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए न सिर्फ दोबारा जांच शुरू कराई, बल्कि स्वयं मॉनिटरिंग कर घटना का पर्दाफाश कराया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गंगपुर निवासी रवींद्र उर्फ कल्लू पुत्र छोटेलाल की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व फर्रुखाबाद जनपद के कंपिल क्षेत्र निवासी प्रियंका से हुई थी। शादी के करीब दो माह बाद रवींद्र पत्नी को दिल्ली लेकर चला गया, जिसके बाद दोनों लापता हो गए। रवींद्र के परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई थी, जबकि प्रियंका के मायके पक्ष ने बेटी की हत्या का आरोप लगाया था। लेकिन स्पष्ट सुराग न मिलने से मामला उलझा रहा।


मामला दोबारा तूल पकड़ने पर पीड़िता के परिजन क्षेत्राधिकारी पटियाली से मिले। उन्होंने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से थाना सिकंदरपुर वैश्य पुलिस को विस्तृत जांच के निर्देश दिए और खुद भी प्रगति की लगातार समीक्षा करते रहे।

क्षेत्राधिकारी के निर्देशन में थाना प्रभारी चंचल सिरोही के साथ पुलिस टीम ने रवींद्र को तलाश कर हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने स्वीकार किया कि उसने परिजनों के सहयोग से पत्नी प्रियंका की हत्या कर शव को गांव में चंद्रपाल के खेत में गाड़ दिया था।

बुधवार को क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर जेसीबी से खुदाई करवाई, जहां से सड़ी-गली अवस्था में महिला का शव बरामद हुआ। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी संदीप वर्मा ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.