Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS चार दिन से लापता 19 वर्षीय अभिषेक का नहीं लगा सुराग, परिजनों ने एसपी अंकिता शर्मा से लगाई सकुशल बरामदगी की गुहार

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 21, 2026

KASGANJ NEWS चार दिन से लापता 19 वर्षीय अभिषेक का नहीं लगा सुराग, परिजनों ने एसपी अंकिता शर्मा से लगाई सकुशल बरामदगी की गुहार

जागरण टुडे, कासगंज।

शहर के छर्रा रोड लाइन पार क्षेत्र से 19 वर्षीय युवक के चार दिन से लापता होने का मामला सामने आया है। युवक की लगातार तलाश के बावजूद कोई सुराग न मिलने से परिजनों में चिंता और अनहोनी की आशंका गहराती जा रही है। शुक्रवार को परिजन पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के कार्यालय पहुंचे और युवक की सकुशल बरामदगी की मांग की।


जानकारी के अनुसार, लाइन पार क्षेत्र निवासी जसवीर पुत्र अजयपाल सिंह, जो मायादेवी एकेडमी स्कूल के प्रबंधक बताए जा रहे हैं, का 19 वर्षीय भांजा अभिषेक 18 फरवरी की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक उसने नगला पट्टी मिनी स्टेडियम जाने की बात कही थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।

परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में अभिषेक हजारा नहर की ओर जाता हुआ दिखाई दिया, लेकिन उसके बाद उसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिवार का कहना है कि युवक का मोबाइल फोन भी 18 फरवरी से स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे आशंका और बढ़ गई है।

काफी तलाश के बाद भी जब अभिषेक का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। चार दिन बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग न लगने से परिवार गहरे तनाव में है। मामा जसवीर ने बताया कि अभिषेक का किसी से कोई विवाद भी नहीं था और वह नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक के लिए जाता था। ऐसे में उसके अचानक लापता हो जाने से परिवार को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।

शुक्रवार को परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और मामले में तेजी लाते हुए विशेष टीम गठित कर युवक की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की। पुलिस का कहना है कि गुमशुदगी के मामले में सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और युवक की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.