जागरण टुडे,कासगंज(सिकंदरपुर वैश्य)
कासगंज के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के नगला बैरी गांव में शुक्रवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब 21 वर्षीय बीएससी छात्र का शव खेत में पीपल के पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगला बैरी निवासी योगेश पुत्र लल्ला बाबू बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह बगराई स्थित निजामुद्दीन डिग्री कॉलेज में अध्ययनरत था। शुक्रवार को वह घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों को चिंता होने पर वे उसकी तलाश में खेत की ओर गए।
जब परिजन घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर खेत पर पहुंचे तो देखा कि योगेश पीपल के पेड़ पर रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ है। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने उसे नीचे उतारकर घर लाया और मामले की सूचना रात करीब 10:45 बजे स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भिजवाया। मृतक चार भाइयों और दो बहनों में शामिल था। उसकी छोटी बहन रागनी (7 वर्ष) और शांति (12 वर्ष) का रो-रोकर बुरा हाल है। मां मीना देवी सदमे में हैं, जबकि पिता लल्ला बाबू ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की आशंका नहीं थी कि उनका पुत्र ऐसा कदम उठा लेगा।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद गांव में शोक की लहर व्याप्त है।