जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
दिल्ली में आयोजित ग्लोबल AI समिट के दौरान हुए कथित हंगामे के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कासगंज इकाई ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला अध्यक्ष कुलदीप प्रतिहार के नेतृत्व में कार्यकर्ता राज कोल्ड चौराहे पर एकत्रित हुए और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।
जिला अध्यक्ष कुलदीप प्रतिहार ने कहा कि दिल्ली में आयोजित AI समिट देश के लिए गौरव का अवसर है, जहां विश्वभर के तकनीकी विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भारत की प्रगति का अवलोकन कर रहे हैं। ऐसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच पर यूथ कांग्रेस द्वारा कथित प्रदर्शन और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि जब भारत तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना रहा है, तब विपक्षी दल विदेशी मेहमानों के सामने देश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। यह कृत्य निंदनीय है और इससे राष्ट्र की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचती है।
भाजयुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विकास कार्यों को स्वीकार नहीं कर पा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि खराब करने की कोशिश की गई तो युवा मोर्चा सड़क से लेकर सदन तक विरोध दर्ज कराएगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी माफी मांगो” और “भारत माता की जय” के नारे लगाए। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष प्रशांत राजपूत, यश उपाध्याय, हिमांशु उपाध्याय, सुधांशु मौर्य, अमरदीप, नरेंद्र कुमार, अंशुल अग्रवाल, हरेन्द्र, प्रवीण, विन्रम अग्रवाल, अभिषेक गुप्ता, शुभम प्रधान, अनुराग, लालता प्रसाद, उपेंद्र चौहान, ओमेंद्र, मोहित चौहान, बॉबी, विष्णु, आशीष, सनी, विशाल, संजय, जय पंडित, रोहित, जतिन, अमन, मदन, गौरव, सुरजन, दिनेश, अमित, केपी सिंह, शरद गुप्ता और राजन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।