Tuesday, March 31, 2026

मथुरा में तीन मार्च को निकलेगा चतुर्वेदी समाज का भव्य होली डोला

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 21, 2026

मथुरा में तीन मार्च को निकलेगा चतुर्वेदी समाज का भव्य होली डोला

दिनेश कुमार, मथुरा

कान्हा की नगरी मथुरा में तीन मार्च को चतुर्वेदी समाज का पारंपरिक होली डोला धूमधाम और धार्मिक आस्था के साथ निकाला जाएगा। इसकी जानकारी अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के मुख्य संरक्षक एवं माथुर चतुर्वेद परिषद के मुख्य संरक्षक महेश पाठक ने चतुर्वेदी समाजवाड़ी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इस बार डोला सामाजिक रीति-रिवाजों और ठाकुर जी के स्वरूप के अनुरूप भव्य रूप में निकलेगा।

डोले में समाज के लोग पारंपरिक होली की तानें गाते हुए शामिल होंगे। खास बात यह है कि इस आयोजन में देश-विदेश से आए तीर्थयात्री भी भाग लेते हैं। इसे देखते हुए श्री पाठक ने सभी से अपील की कि किसी भी तीर्थयात्री के साथ अभद्र व्यवहार न किया जाए। उन्होंने आग्रह किया कि केवल टेशू के फूलों से बने प्राकृतिक रंग और अबीर-गुलाल का ही प्रयोग किया जाए। गीले रंग या सादा पानी किसी पर न डाला जाए, ताकि आयोजन की गरिमा बनी रहे।

प्रेस वार्ता का संचालन करते हुए माथुर चतुर्वेद परिषद के महामंत्री राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि मेले को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए झांकियों और डीजे की व्यवस्था क्रमबद्ध ढंग से की जाएगी। आयोजन की जिम्मेदारी युवा समिति और परिषद के पदाधिकारियों को सौंपी गई है। भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए मेले को चार भागों में विभाजित किया गया है।

पहला भाग द्वारकाधीश मंदिर से होली गेट तक, दूसरा होली गेट से कोतवाली रोड तक, तीसरा भरतपुर गेट से चौक बाजार तक और चौथा चौक बाजार से विश्राम घाट तक रहेगा। प्रत्येक खंड में अलग-अलग जिम्मेदार टीम तैनात की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आयोजन को सफल बनाने में ब्रज विकास परिषद का भी सहयोग रहेगा। प्रेस वार्ता में संरक्षक नवीन नागर, गरधारीलाल पाठक, उमाकांत चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष संजय चतुर्वेदी, मनोज चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष कमल चतुर्वेदी, दुबई शाखा के उपाध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी, नीरज चतुर्वेदी, संजय मंत्री, मनोज पाठक, रितेश पाठक, सौरभ चतुर्वेदी, सोनू चतुर्वेदी, युवा समिति अध्यक्ष गोपाल बोहरे सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.