कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी सभागार में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। इस दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थी किसानों एवं उनके परिजनों को क्षतिपूर्ति सहायता राशि वितरित की गई तथा कृषि भवनों के शिलान्यास कार्यक्रम का भी प्रसारण हुआ।
मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता ने एनआईसी मथुरा में अधिकारियों के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। जनपद के सभी विकास खंडों में प्रातः 10 बजे से लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) और उप कृषि निदेशक आदि उपस्थिति रहे।
निर्धारित समय पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी किसानों को एनआईसी में आमंत्रित किया गया। प्रसारण के उपरांत पात्र किसानों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और दुर्घटनाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई कर आर्थिक संबल प्रदान करना है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने सरकार की पहल पर संतोष जताया और समय पर सहायता मिलने को राहतकारी बताया। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिलता रहेगा।