Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 35 जोड़े बंधे बंधन सूत्र में, महिला आयोग सदस्य रेनू गौड़ ने दिया खुशहाल जीवन का संदेश

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 24, 2026

KASGANJ NEWS मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 35 जोड़े बंधे बंधन सूत्र में, महिला आयोग सदस्य रेनू गौड़ ने दिया खुशहाल जीवन का संदेश


जागरण टुडे, कासगंज

सदर ब्लॉक परिसर में मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 35 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इन विवाहों में दो जोड़े मुस्लिम समुदाय से भी शामिल रहे, जिससे कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया।


कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया किशोर एवं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान के निर्देशानुसार राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ की उपस्थिति में “खुशहाल वैवाहिक जीवन की ओर एक कदम – तेरे मेरे सपने” कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

रेनू गौड़ ने सबसे पहले मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विवाह समारोह का शुभारम्भ किया।नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का ही नहीं, बल्कि दो परिवारों का भी मिलन है। उन्होंने कहा, “आज से बेटी के माता-पिता लड़के के माता-पिता हो गए और लड़के के माता-पिता बेटी के माता-पिता हो गए। दोनों पक्षों में बराबरी, सम्मान और समझदारी का भाव होना चाहिए, तभी जीवन सुखमय और सफल बनता है।” उन्होंने आगे कहा कि हर दंपति के अपने सपने होते हैं और उन सपनों को साकार करने के लिए दोनों को समान रूप से प्रयास और सहयोग करना चाहिए।


मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार भेंट किए गए। सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सहायता राशि और आवश्यक गृहस्थी सामग्री भी वितरित की गई, जिससे नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत में आर्थिक संबल मिल सके।


समारोह के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विवाह बंधन में बंधे जोड़ों के परिजन और रिश्तेदार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में हर्षोल्लास का वातावरण रहा और नवदंपतियों के चेहरों पर नए जीवन की खुशियां स्पष्ट दिखाई दीं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.