Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS जिला अस्पताल से बाइक चोरियों के बाद अब दुल्हन हुई लापता, पति के साथ दवा लेने आई थी नई नवेली दुल्हन, 15 दिन पहले हुई थी शादी

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 24, 2026

KASGANJ NEWS जिला अस्पताल से बाइक चोरियों के बाद अब दुल्हन हुई लापता, पति के साथ दवा लेने आई थी नई नवेली दुल्हन, 15 दिन पहले हुई थी शादी

जागरण टुडे, गुड्डू यादव,कासगंज।

शहर के जिला अस्पताल से एक नवविवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति के साथ दवा लेने आई थी, इसी दौरान वह अचानक गायब हो गई। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर अस्पताल परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।


जानकारी के अनुसार, सहावर थाना क्षेत्र के नगला खिमाई निवासी सतेंद्र की शादी 8 फरवरी को ढोलना थाना क्षेत्र के गांव भरसोली निवासी रहीश पाल की 23 वर्षीय बेटी रीता के साथ हुई थी। शादी को अभी 15 दिन ही हुए थे। सोमवार को सतेंद्र अपनी पत्नी को दवा दिलाने के लिए कासगंज के जिला अस्पताल लाया था।


पति के अनुसार, वह पर्ची बनवाने और दवा लेने में व्यस्त था। इसी बीच उसकी पत्नी अस्पताल परिसर से कहीं चली गई। काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब वह वापस नहीं लौटी तो सतेंद्र ने अस्पताल परिसर और आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला किसके साथ और किस दिशा में गई।

कोतवाली पुलिस ने बताया कि महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल भी खंगाली जाएगी। परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

गौरतलब है कि जिला अस्पताल परिसर में पूर्व में बाइक चोरी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और महिला की तलाश जारी है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.