जागरण टुडे,कासगंज।
12वीं की बोर्ड परीक्षा देकर घर लौट रहे दो किशोरों को लहरा रोड पर नवदुर्गा मंदिर के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, किशोर शानू सक्सेना पुत्र अनिल कुमार और सन्नी पुत्र नरेश, सूरजप्रसाद डागा विद्यालय कासगंज से रसायन विज्ञान की परीक्षा देकर लौट रहे थे। जैसे ही वे लहरा रोड स्थित नवदुर्गा मंदिर के समीप पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों किशोर सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि उन्हें कुछ समय तक आराम करने की सलाह दी गई है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि लहरा रोड पर इन दिनों पटरी निर्माण का कार्य चल रहा है, लेकिन काम की गति काफी धीमी है। अधूरे निर्माण और अव्यवस्थित यातायात के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे निर्माण सामग्री और संकरी होती पटरी के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।