जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पटियाली (कासगंज)। पटियाली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम देवी नगला में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। मोबाइल आटा चक्की में साड़ी का पल्लू फंसने से 50 वर्षीय सावित्री देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
ग्राम देवी नगला निवासी सावित्री देवी पत्नी सियाराम गांव में आई मोबाइल आटा चक्की पर गेहूं पिसवाने पहुंची थीं। चक्की उस समय चल रही थी और वह उसके पास खड़ी थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज हवा का झोंका आया। हवा के कारण उनकी साड़ी का पल्लू उड़कर ट्रैक्टर और चक्की के बीच लगी घूमती कपलिंग में जा फंसा।
पलक झपकते ही बिगड़े हालात
कपड़ा फंसते ही सावित्री देवी संभल नहीं पाईं और मशीन की चपेट में आ गईं। मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने तुरंत मशीन बंद करने की कोशिश की, लेकिन तब तक गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस पहुंची, पोस्टमार्टम को भेजा शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिवार में कोहराम, गांव में सन्नाटा
अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।