जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सहारनपुर जिले में तैनात कासगंज के 28 वर्षीय आरक्षी काशी यादव ने गुरुवार को ड्यूटी के दौरान फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, वहीं सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
बिहारीगढ़ थाने में थे तैनात
काशी यादव सहारनपुर जिले के बिहारीगढ़ थाना में आरक्षी पद पर तैनात थे। गुरुवार को ड्यूटी के दौरान उन्होंने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि काशी यादव मूल रूप से कासगंज जिले के सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के नगला जय किशन गांव के निवासी थे। वह वर्ष 2018 बैच के सिपाही थे। कम उम्र में इस तरह का कदम उठाए जाने से क्षेत्र में दुख और हैरानी का माहौल है।
परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना देर शाम परिजनों को दी गई। पिता ओमकार यादव किसान हैं, जबकि चाचा जगवीर सिंह गांव के प्रधान हैं। खबर मिलते ही परिजन सहारनपुर के लिए रवाना हो गए।
परिजनों के अनुसार काशी यादव विवाहित थे और उनके एक पुत्र व एक पुत्री हैं। अचानक हुई इस घटना से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार सुबह शव पैतृक गांव लाया गया। अंतिम संस्कार गांव में ही किया जाएगा।परिजनो के अनुसार आत्महत्या के पीछे की वजह क्या रही, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।