जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सिढ़पुरा (कासगंज)। बोर्ड परीक्षाओं के बीच शुक्रवार को एक परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब प्रथम पाली में गणित का पेपर दे रही एक छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।
शुक्रवार को अनोखेलाल इण्टर कॉलेज में प्रथम पाली के दौरान गणित का प्रश्नपत्र चल रहा था। इसी बीच एक छात्रा की तबीयत अचानक खराब हो गई। केंद्र प्रशासन ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार गौतम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम में चीफ फार्मासिस्ट रमेश यादव व स्वास्थ्य पर्यवेक्षक विशाल सक्सेना शामिल रहे। छात्रा को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई।
वैसे प्रदेश में संचालित उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं को देखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल किट उपलब्ध कराई गई हैं और स्वास्थ्य टीमें अलर्ट मोड पर रखी गई हैं।
स्वास्थय विभाग ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि परीक्षा से पहले हल्का व पौष्टिक भोजन अवश्य करें और किसी भी प्रकार की अस्वस्थता होने पर तुरंत कक्ष निरीक्षक को सूचित करें। स्वास्थ्य टीम की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही।