Tuesday, March 31, 2026

होली से पहले कासगंज में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन दुकानों से बर्फी और गुजिया के नमूने भरे

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 27, 2026

होली से पहले कासगंज में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन दुकानों से बर्फी और गुजिया के नमूने भरे

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश एवं जिलाधिकारी कासगंज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, कासगंज की टीम ने शुक्रवार को औचक छापेमारी कर तीन स्थानों से मिठाइयों के नमूने संग्रहित किए।

पटियाली तहसील में छापेमारी

सहायक आयुक्त (खाद्य) श्री आनंद कुमार देव के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमबीर सिंह एवं अनिल कुमार गंगवार की टीम ने तहसील पटियाली के अंतर्गत कादरगंज क्षेत्र में कार्रवाई की।

• कादरगंज स्थित कृष्णा स्वीट्स से बर्फी का नमूना कृष्ण अवतार से लिया गया।

• वहीं सोनू स्वीट्स से बर्फी का नमूना नन्हे खां से संग्रहित किया गया।

कासगंज शहर में भी जांच

इसी क्रम में तहसील कासगंज के नदरई गेट स्थित एक मिठाई की दुकान से गुजिया का नमूना लिया गया। त्योहार के मद्देनजर विशेष रूप से खोया, घी, तेल, वनस्पति, बेसन, मैदा, पापड़, चिप्स, नमकीन व अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच की जा रही है।

लैब भेजे गए नमूने

टीम द्वारा कुल 03 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कारोबारियों को सख्त निर्देश

खाद्य विभाग ने जनपद के सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को चेतावनी दी है कि केवल निर्धारित मात्रा में अनुमन्य खाद्य रंग का ही प्रयोग करें। किसी भी परिस्थिति में अखाद्य रंग या अवैध वर्क का उपयोग न करें। पुराने मावा या बासी मिठाइयों का प्रयोग मिष्ठान निर्माण में न किया जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं से अपील

आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल पंजीकृत खाद्य कारोबारकर्ताओं से ही मिठाई व अन्य खाद्य सामग्री खरीदें तथा खरीदने से पहले पैकेट पर अंकित एक्सपायरी डेट अवश्य जांच लें।

होली के मद्देनजर खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.