जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद कासगंज के कटरा रामसिंह पुरा क्षेत्र में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब 16 वर्षीय हाईस्कूल छात्र कपिल पुत्र सुभाष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कपिल बोर्ड परीक्षा देने गया था, जहां अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
गणित की परीक्षा के दौरान बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार कपिल शुक्रवार सुबह 8:30 बजे की पाली में गणित विषय की परीक्षा देने बलदेव बिहारी इंटर कॉलेज नगला खंजी पहुंचा था। परीक्षा के दौरान करीब 10 बजे उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई। विद्यालय प्रशासन ने तत्काल उसके पिता सुभाष को फोन कर सूचना दी और स्कूल बुलाया।
प्राथमिक उपचार के बाद भी नहीं संभली हालत
बताया जा रहा है कि सूचना मिलते ही जिला अस्पताल से डॉक्टरों की टीम विद्यालय पहुंची और छात्र को प्राथमिक उपचार दिया। कुछ समय के लिए हालत सामान्य होती दिखाई दी, लेकिन थोड़ी ही देर में उसकी तबीयत फिर गंभीर हो गई। इसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाने लगे, मगर रास्ते में ही कपिल ने दम तोड़ दिया।
परिवार में कोहराम, क्षेत्र में शोक
अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र में भी शोक की लहर व्याप्त है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। परिजन शव को घर ले आए थे।