होली पर किसी तरह का कोई हुड़दंग न हो, इसको लेकर पुलिस अधिकारी भी सड़कों पर उतर आए हैं। एडीजी रमित शर्मा, डीआईअी अजय कुमार साहनी और एसएसपी अनुराग आर्य ने शनिवार रात चौकी चौराहे पर पहुंचकर शहर के विभिन्न थानों, चौकी और डायल 112 के साथ आपातकालीन सेवा की कार्यप्रणाली का निरीक्षण कर रेस्पांस टाइम चेक किया। इस दौरान जो देरी से पहुंचे, उन्हें रेस्पांस टाइम न्यूनतम करने के निर्देश दिए।
पीआरवी 5059 का रेस्पांस टाइम 9 मिनट, पुलिस अधीक्षक नगर का रेस्पांस टाइम 12 मिनट, बारादरी प्रभारी निरीक्षक का रेस्पांस टाइम 14 मिनट और कोतवाली इंस्पेक्टर का 15 मिनट रहा। इसके अलावा अन्य अधिकारी और कर्मचारियों के अलावा पीआरवी भी निर्धारित समय के अंदर पहुंची।
एडीजी ने कहा कि डायल 112 आपातकालीन सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए रेस्पांस टाइम न्यूनतम रखा जाए। जीपीएस ट्रैकिंग का पूर्ण उपयोग किया जाए। थाने-चौकी पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए।